रायपुर। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को लेकर दिल्ली में अहम बैठक होने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ जल बंटवारे और प्रदेशों के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दोनों राज्यों ने इस मामले को लेकर केंद्रीय जल आयोग को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रदेशों के हित में जो भी फैसला होगा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सरकारें उसे मानेंगी।
मुख्यमंत्री ने अपने प्रस्तावित सिंगापुर दौरे की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि वहां निवेशकों और कारोबारियों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में निवेश, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।



