नई दिल्ली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात कर छत्तीसगढ़-ओडिशा के बीच लंबे समय से लंबित महानदी जल विवाद पर चर्चा की। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी भी मौजूद रहे।
तोखन साहू ने महानदी जल विवाद के जल्द, न्यायसंगत और समयबद्ध समाधान की आवश्यकता बताते हुए केंद्रीय जल आयोग (CWC) के तहत दोनों राज्यों के अधिकारियों की संयुक्त तकनीकी समिति जल्द गठित करने का आग्रह किया। उन्होंने जल बंटवारे पर सहमति बनाकर कार्ययोजना न्यायाधिकरण के समक्ष प्रस्तुत करने की भी मांग की।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से फोन पर चर्चा की। इसके बाद जल्द ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के बीच महानदी जल विवाद पर उच्चस्तरीय बैठक होने की संभावना जताई गई है।

