Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

महतारी वंदन योजना की 26वीं किस्त जारी, 68 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 641 करोड़ रुपए ट्रांसफर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना की 26वीं किस्त आज जारी कर दी गई। राशि जारी होते ही लाभार्थी महिलाओं के मोबाइल पर सूचना पहुंचते ही खुशी का माहौल बन गया।

इस बार राज्य की 68 लाख 48 हजार 899 महिलाओं के बैंक खातों में कुल 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। इनमें 7,773 महिलाएं नियद नेल्ला नार योजना से जुड़े गांवों की निवासी हैं।

राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने और महिलाओं की स्थिति मजबूत करने के लिए इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में की थी। तब से अब तक प्रत्येक माह हितग्राही महिलाओं को एक-एक हजार रुपए की सहायता राशि नियमित रूप से दी जा रही है। अब तक इस योजना के तहत कुल 16,881 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

इधर, योजना के लाभार्थियों का ई-केवाईसी अपडेट कराने का काम भी तेजी से जारी है। यह प्रक्रिया 3 अप्रैल से ई-गवर्नेंस सर्विसेस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से शुरू हुई है, जो 30 जून तक चलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में यह कार्य ग्राम पंचायत भवनों में और शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में वीएलई के जरिए किया जा रहा है।

ई-केवाईसी अनिवार्य
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उन महिलाओं से जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है, जिनके खाते में राशि नहीं पहुंची है, ताकि भविष्य में उन्हें बिना किसी बाधा के योजना का लाभ मिल सके। विभाग के अनुसार, कुल 68,94,633 पंजीकृत हितग्राहियों में से ई-केवाईसी लंबित रहने के कारण कुछ को छोड़कर 68,48,899 महिलाओं को 26वीं किस्त का भुगतान किया गया है।

Exit mobile version