Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

मैनपुर के दशहरा मेले में हेलीकॉप्टर की अनोखी झांकी बनी आकर्षण, ग्रामीणों ने एक महीने में किया तैयार

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में लोकपरंपराओं और ग्रामीण रचनात्मकता की अनूठी झलक देखने को मिली। केशकाल विधानसभा क्षेत्र के मैनपुर गांव में आयोजित दशहरा मेले में इस बार हेलीकॉप्टर का प्रतीकात्मक मॉडल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। ग्रामीणों ने इस झांकी के जरिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन का दृश्य प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

मैनपुर के दशहरा मेले की खास पहचान यहां हर साल तैयार की जाने वाली अनूठी झांकियां और रथ हैं। ग्रामीण समसामयिक घटनाओं और चर्चित विषयों को अपनी कल्पनाशीलता के साथ इन प्रस्तुतियों में शामिल करते हैं। इस बार हेलीकॉप्टर के मॉडल के साथ अन्य आकर्षक झांकियां भी तैयार की गईं।

इन सभी प्रस्तुतियों को तैयार करने में गांव के लोगों ने करीब एक महीने तक सामूहिक मेहनत की। निर्माण से लेकर सजावट तक ग्रामीणों ने मिलकर जिम्मेदारियां निभाईं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी कलात्मक सोच मेले में साफ नजर आई।

आयोजन में कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर सांसद महेश कश्यप और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम भी शामिल हुए। मेले का समापन रावण दहन के साथ हुआ। मैनपुर का यह आयोजन स्थानीय परंपराओं, सामुदायिक सहयोग और ग्रामीण कला का उदाहरण बनकर सामने आया।

Exit mobile version