आरंग में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 मशीनें जब्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों के बाद प्रदेश में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग का अभियान लगातार तेज हो गया है। विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा की जा रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण किया जा रहा है।

इसी कड़ी में केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और रायपुर जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने आरंग तहसील के ग्राम हरडीडीह स्थित महानदी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई की। औचक निरीक्षण के दौरान मशीनों से नियम विरुद्ध रेत उत्खनन करते पाए जाने पर टीम ने खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत 3 चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया।

खनिज विभाग ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला स्तरीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन, भंडारण और नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की इस कार्रवाई को खनन माफियाओं के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है।

You May Also Like

More From Author