Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

कोंडागांव में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 एकड़ वनभूमि अतिक्रमण से मुक्त

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में वन संरक्षण को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने लगभग 35 हेक्टेयर (करीब 100 एकड़) वनभूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। यह कार्रवाई मुलमला रेंज के मालगांव, धुंसी और बुडरा क्षेत्र में की गई, जहां वर्षों से जंगल काटकर खेती और अवैध निर्माण किए जा रहे थे।

वन विभाग के अनुसार कुछ लोगों द्वारा वर्ष 2010 से लगातार वनभूमि पर कब्जा बढ़ाया जा रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में बहुमूल्य वृक्षों की कटाई की गई और जंगल को नुकसान पहुंचाया गया। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद बेदखली अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण हटाकर भूमि को वन विभाग के कब्जे में लिया गया। विभाग ने कहा है कि कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर जल्द ही वृक्षारोपण किया जाएगा ताकि नष्ट हुए वन क्षेत्र को फिर से विकसित किया जा सके।

ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए जंगलों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि पर अवैध कब्जा और पेड़ों की कटाई करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version