बस्तर। तेलंगाना से आई बड़ी खबर में दक्षिण बस्तर में सक्रिय नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। नक्सलियों की बटालियन के अंतिम कमांडर सोड़ी केशा ने अपने 42 साथियों के साथ हैदराबाद में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इस दौरान उन्होंने बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और करीब 800 ग्राम सोना भी सौंपा।
सूत्रों के मुताबिक सोड़ी केशा दक्षिण बस्तर में नक्सलियों की आखिरी मजबूत कड़ी माना जा रहा था। सुरक्षा बलों के लगातार दबाव और ऑपरेशन के चलते उसने अपने पूरे दल के साथ हथियार डाल दिए। इस समर्पण के बाद क्षेत्र में नक्सल संगठन लगभग निष्क्रिय होने की बात कही जा रही है।
सरेंडर करने वाले माओवादियों में डीवीसीएम, एसीएम, पार्टी मेंबर सहित विभिन्न स्तर के कैडर शामिल हैं। इनके पास से AK-47, SLR, INSAS, पिस्टल, रिवॉल्वर समेत कुल 36 हथियार, 1000 से अधिक गोलियां और ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।
इन नक्सलियों पर कुल मिलाकर करीब 1.93 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था, जिसे छोड़कर सभी ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस बड़े समर्पण के बाद बस्तर में नक्सलवाद अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है।

