रायपुर। धमतरी जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने दो दिनों की कार्रवाई में अवैध रेत परिवहन करते हुए 4 भारी वाहनों को जब्त किया है।
विभाग के अनुसार, 12 और 13 जुलाई को सारंगपुरी, खरेंगा, अमेठी, सरगी-दोनर, पाहंदा समेत कई क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रेत परिवहन में लिप्त वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत कार्रवाई की गई।
चालू वित्तीय वर्ष में अब तक अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के 239 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 69.32 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

