दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों की निशानदेही पर बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा जंगल में सर्च अभियान चलाकर नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में करीब 116 ग्राम सोने का बिस्किट (लगभग 16 लाख रुपये), 2 लाख रुपये नकद, इंसास, एके-47 और एसएलआर की मैग्जीन व कारतूस, 12 बोर बंदूकें, बीजीएल लांचर, रिवाल्वर, टिफिन बम, पाइप बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, डेटोनेटर, जिलेटिन, वर्दी, दवाइयां और नक्सली साहित्य शामिल हैं।
पुलिस ने इसे आत्मसमर्पण नीति की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि मुख्यधारा में लौटे पूर्व माओवादियों के सहयोग से नक्सली नेटवर्क को लगातार कमजोर किया जा रहा है।

