धमतरी। धमतरी पुलिस, नगरी डीआरजी और सीएएफ खल्लारी की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्चिंग ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी हासिल की है। ऑपरेशन के दौरान चमेंदा और साल्हेभाट के बीच जंगल में माओवादियों द्वारा डंप किए गए 9 जिंदा बम और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम ने जंगल में छिपाकर रखे गए 3 कुकर बम, 3 दूध पाउडर के डिब्बों में तैयार किए गए बम, 2 पाइप बम, 1 टिफिन बम और 1 वॉकी-टॉकी के साथ-साथ राशन, बर्तन, दवाइयाँ जैसी दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की। सभी विस्फोटक और सामग्री को विभिन्न थैलों में पैक कर त्रिपाल झिल्ली और नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में छिपाया गया था।
बमों को किया गया सफलतापूर्वक डिफ्यूज
धमतरी पुलिस की बम डिस्पोजल (BDS) टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी जिंदा बमों को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया, जिससे नक्सलियों की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। इस संबंध में थाना खल्लारी में अज्ञात माओवादियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने टीम को दी सराहना
धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने नगरी डीआरजी और सीएएफ की टीम को इस महत्वपूर्ण सफलता के लिए बधाई दी और नक्सल विरोधी सर्चिंग अभियान को और भी मजबूत बनाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस बल की सतर्कता और साहस ने अहम भूमिका निभाई।