भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने अपने वादे के अनुरूप जिले की दो टॉपर छात्राओं को स्कूटी प्रदान की। जनकपुर के शासकीय नवीन महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित एक समारोह के दौरान उन्होंने 10वीं और 12वीं कक्षा की टॉपर छात्राओं अंकिता रजक और सिफा बी को स्कूटी भेंट कर उनकी मेहनत को सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने अपनी खुशी जाहिर की और विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
बड़ी घोषणाएं: लैपटॉप और दिल्ली भ्रमण
कार्यक्रम के दौरान विधायक रेणुका सिंह ने छात्रों और शिक्षकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि टॉपर छात्र-छात्राओं को उनकी पसंद के लैपटॉप दिए जाएंगे और उन्हें हवाई जहाज से दिल्ली भ्रमण का मौका भी मिलेगा। इसके अलावा, टॉपर स्कूल के प्राचार्य को 11 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की भी घोषणा की गई।
शिक्षा क्षेत्र में योगदान करने वालों का सम्मान
रेणुका सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले और पिछले वर्ष सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को भी सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्रों की प्रतिभा को पहचानने के लिए आयोजित किया गया था।
विधानसभा क्षेत्र की टॉपर छात्राएं
विधायक रेणुका सिंह ने पिछले साल बोर्ड परीक्षाओं के दौरान घोषणा की थी कि 10वीं और 12वीं कक्षा में भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र के टॉपर छात्र-छात्राओं को स्कूटी या बाइक दी जाएगी। मई 2024 में बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम आने पर, 12वीं कक्षा में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्रा अंकिता रजक ने 91.20% अंक हासिल कर न सिर्फ विधानसभा क्षेत्र में बल्कि अविभाजित कोरिया जिले में भी पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, 10वीं कक्षा में न्यू लाइफ इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्रा सिफा बी ने 96.50% अंक प्राप्त कर विधानसभा क्षेत्र में टॉप किया था।

