1 अप्रैल से बंद होगा मैनुअल चालान सिस्टम, अब केवल ऑनलाइन जमा होंगे चालान

रायपुर। राज्य सरकार के निर्देश पर 1 अप्रैल से प्रदेश में मैनुअल चालान जमा करने की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी। इसके बाद जिला कोषालयों में केवल ऑनलाइन माध्यम से ही चालान स्वीकार किए जाएंगे।

नई प्रणाली की जानकारी देने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें जिला कोषालय अधिकारी गजानन पटेल ने आहरण संवितरण अधिकारियों, स्टांप वेंडरों और बैंक प्रतिनिधियों को ओटीसी (ओवर द काउंटर) ऑनलाइन चालान प्रक्रिया समझाई।

शासकीय कन्या पॉलीटेक्निक, बैरनबाजार में आयोजित इस कार्यशाला में बताया गया कि ऑनलाइन प्रणाली से मैनुअल चालान में होने वाली त्रुटियों की संभावना खत्म हो जाएगी। साथ ही सही मद का चयन करना आसान होगा, जिससे बैंक और कोषालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि नए वित्तीय वर्ष से संचालनालय कोष एवं लेखा द्वारा ई-कोष पोर्टल के तहत ई-चालान मॉड्यूल शुरू किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में चालान का डेटा सीधे बैंक को ऑनलाइन ट्रांसफर हो जाएगा, जिससे पूरी व्यवस्था अधिक सरल और प्रभावी बनेगी।

You May Also Like

More From Author