Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

ज्वेलरी शॉप से 3.85 लाख की चांदी चोरी, पुलिस जांच में जुटी

गरियाबंद। देवभोग थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला उरमाल का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने आर.के. ज्वेलर्स में सेंधमारी कर करीब 3.85 लाख रुपये मूल्य की 4200 ग्राम चांदी के जेवरात चुरा लिए। चोरों ने शातिर अंदाज में बाथरूम की दीवार में ड्रिल कर दुकान में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान उन्होंने चेहरों को नकाब से ढंका हुआ था।

दुकान संचालक गोपबंधु कश्यप ने तुरंत इसकी सूचना देवभोग पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी गौतम गावड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें दो नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दिए हैं।

लगातार तीसरी वारदात ने बढ़ाई चिंता

इस घटना से पहले 30 मार्च को देवभोग थाना से मात्र 150 मीटर की दूरी पर स्वास्थ्यकर्मी शेषनारायण पात्र के मकान से 17 लाख रुपये की नकदी और ज्वेलरी चोरी हो चुकी है। वहीं, झराबहाल में एक बैंक कर्मी के घर से ढाई लाख से अधिक की चोरी भी हुई थी, हालांकि उस मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।

उरमाल की इस ताजा वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि बीते तीन वर्षों में इस इलाके में 10 से अधिक छोटी-बड़ी चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस को अधिकतर मामलों में सफलता नहीं मिली है।

देवभोग थाना क्षेत्र ओडिशा की तीन सीमाओं से घिरा हुआ है, जिससे पुलिस को अभियुक्तों की धरपकड़ में भौगोलिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने बताया, “घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है, और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

Exit mobile version