Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

पत्थलगांव में देर रात लूट की सनसनी, शिक्षक के घर घुसकर परिवार को बंधक बनाया

जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के करमीटिकरा गांव में देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक शिक्षक के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला किया, जिसमें शिक्षक समेत उनके परिजन घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, 26 दिसंबर की रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच नकाबपोश बदमाशों ने फुलैता चौक, करमीटिकरा में रहने वाले शिक्षक गुलाब सिंह जगत के निजी मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। उस समय घर में शिक्षक, उनकी पत्नी और दो बच्चे मौजूद थे। बदमाशों ने मंगलसूत्र, सोने की टॉप्स, मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया।

चाकू के हमले में शिक्षक और उनके परिजनों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया। घटना की सूचना मिलते ही जशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में तीन नकाबपोश आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। उनकी तलाश के लिए पुलिस डॉग स्क्वायड और साइबर सेल की मदद ले रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Exit mobile version