बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ आज पांचवें दिन भी थमी नहीं है। देश के इतिहास का यह अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन बताया जा रहा है, जिसमें 10 से 12 हजार जवानों ने करीब 1500 नक्सलियों को कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में घेर रखा है।
सुरक्षा बल अंतिम निर्णायक लड़ाई की ओर बढ़ रहे हैं। ऑपरेशन को तेजी देने के लिए 2 हेलीकॉप्टरों से नक्सलियों पर बमबारी और गोलीबारी की जा रही है।
120 घंटे से लगातार फायरिंग, 5 नक्सली ढेर
उसूर थाना क्षेत्र के कोतापल्ली गांव की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर पिछले 120 घंटों से रुक-रुक कर गोलाबारी हो रही है। अब तक जवानों ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनमें से 3 के शव और हथियार बरामद हुए हैं।
हीट स्ट्रोक से 40 जवान बीमार
भीषण गर्मी और लू के चलते ऑपरेशन में शामिल 40 से अधिक जवान हीट स्ट्रोक का शिकार हो गए हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए तेलंगाना के वेंकटापुरम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों की मानें तो मुठभेड़ में शामिल जवानों को पर्याप्त पानी और ग्लूकोज नहीं मिल पा रहा है, बावजूद इसके बाकी जवान मोर्चे पर डटे हुए हैं और ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

