Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

असम में भाजपा की नामांकन रैली में उमड़ा जनसैलाब, अरुण साव ने जताया जीत का भरोसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव असम के धेमाजी पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैली में भाग लिया। रैली के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ी और जगह-जगह समर्थकों की मौजूदगी नजर आई।

धेमाजी और सिसिबोरगांव विधानसभा सीटों से भाजपा उम्मीदवार डॉ. रनोज पेगू और जीवन गोगोई ने नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर साव ने कहा कि जिस तरह से जनता का समर्थन देखने को मिल रहा है, वह आने वाले चुनाव परिणामों का संकेत दे रहा है। उन्होंने डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता इस प्रगति को आगे बढ़ाना चाहती है। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में प्रदेश में फिर से भाजपा सरकार बनेगी।

इस दौरान लखीमपुर के सांसद प्रधान बरुआ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत साव ने धेमाजी, ढकुआखाना, लखीमपुर और रोंगोनदी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कीं। वहीं, नाओबोइचा विधानसभा में एनडीए के सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भी चर्चा कर चुनावी रणनीति तय की गई।

बैठकों में स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए जनसंपर्क अभियान को तेज करने और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। रोंगोनदी से भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका और नाओबोइचा से एजीपी प्रत्याशी बसंत दास सहित कई नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संकल्प लिया।

उप मुख्यमंत्री साव ने “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” के मंत्र को दोहराते हुए हर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी अपनी विचारधारा को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाएगी।

Exit mobile version