बलौदाबाजार। शहर के तहसील कार्यालय में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग तहसील परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग से शुरू हुई और धीरे-धीरे तहसीलदार कार्यालय की ओर फैलने लगी।
सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सबसे पहले कार्यालय के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ियों के साथ आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी फायर ब्रिगेड बुलाई गई।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे लगी इस आग से तहसीलदार कार्यालय और रिकॉर्ड रूम के कुछ हिस्से प्रभावित हुए हैं। एसडीएम प्रकाश कोरी के मुताबिक रिकॉर्ड रूम सुरक्षित है और जरूरी दस्तावेज समय रहते निकाल लिए गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

