मुंगेली जिले के सिलदहा गांव में बुधवार शाम को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव के ही एक युवक की “सोनू जनरल स्टोर” नामक दुकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया और लाखों रुपयों का नुकसान हुआ।
जानकारी के अनुसार, दुकानदार राजमणि कुर्रे दुकान बंद करके किसी काम से पथरिया गए थे। इस दौरान, शाम करीब 7 बजे अचानक दुकान में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन, तब तक आग काफी फैल चुकी थी और दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने भी आग पर काबू पाने में मदद की। लेकिन, तब तक काफी नुकसान हो चुका था। दुकानदार का कहना है कि आग में उनके 25 लाख रुपये के सामान और 2 लाख रुपये की नकदी जल गई है।
पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया है। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है।