Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

मरवाही में सागौन की अवैध कटाई का बड़ा खुलासा, 1000 से ज्यादा पेड़ काटे गए

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल में सागौन प्लांटेशन से बड़े पैमाने पर अवैध कटाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। मीडिया में खबर सामने आने के बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, गौरेला रेंज के पंडरीपानी बीट में 1000 से अधिक सागौन पेड़ों की अवैध कटाई हुई है। बड़ी संख्या में ठूंठ मिलने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। जांच के दौरान डीएफओ ग्रीष्मी चांद, एसडीओ और उड़नदस्ता टीम मौके पर पहुंची। आसपास के घरों से लकड़ी जब्त की गई है और कटाई में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जा रही है।

प्लांटेशन के पास एक डबरी (तालाबनुमा क्षेत्र) से भी छिपाकर रखी गई सागौन लकड़ी बरामद हुई है, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि यह प्लांटेशन करीब 102 हेक्टेयर में फैला है।

स्थानीय ग्रामीणों ने कई महीनों से अवैध कटाई की शिकायत की थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई। अब डीएफओ ने प्रारंभिक तौर पर विभागीय लापरवाही स्वीकार करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है। साथ ही इस पूरे मामले में बड़े नेटवर्क की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है।

Exit mobile version