“यह हमारी ऐतिहासिक धरोहर, इसे बाजार नहीं बनने देंगे” — मीनल चौबे
रायपुर। महापौर मीनल चौबे ने रविवार सुबह बूढ़ातालाब का निरीक्षण किया और वहां बन रही चौपाटी को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्थानीय लोगों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई और चौपाटी निर्माण के विरोध में खुलकर अपनी बात रखी।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर सवाल
महापौर ने बताया कि करोड़ों रुपये खर्च कर स्मार्ट सिटी योजना के तहत यहां पाथवे बनाया गया था, जिससे लोगों को सुकून और टहलने के लिए जगह मिलनी थी। लेकिन अब वहां लगभग सौ दुकानें खुलने की तैयारी है, जिससे लोगों के लिए बनी जगह पर कब्जा हो रहा है।
पर्यटन विभाग को दी चेतावनी
महापौर ने कहा कि स्मार्ट सिटी ने यह प्रॉपर्टी पर्यटन विभाग को हैंडओवर कर दी, जिन्होंने एक एजेंसी के साथ एमओयू कर लिया है। उन्होंने साफ कहा कि पर्यटन विभाग का उद्देश्य सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण होना चाहिए, न कि उसका व्यवसायीकरण।
शराब बिक्री की खबरों पर नाराजगी
महापौर ने चौपाटी में शराब बिक्री की बात पर भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि बूढ़ातालाब के सामने शहर का सबसे पुराना दानी स्कूल है, जहां खुद उन्होंने पढ़ाई की है। उन्होंने कहा, “हम इस तरह की किसी भी अनुचित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे और जनता के हक के लिए लड़ते रहेंगे।”





