दुर्ग में मेडिकल फ्रेंचाइजी के नाम पर 25.93 लाख की ठगी, व्यापारी ने दर्ज कराई शिकायत

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक व्यापारी से मेडिकल कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर करीब 25 लाख 93 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित राहुल परिहार ने मोहन नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार करीब दो वर्ष पहले ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड नामक मार्केटिंग कंपनी ने राहुल परिहार से संपर्क किया था। कंपनी ने मेडिकल फ्रेंचाइजी देने और हर माह एक लाख रुपये तक मुनाफा होने का दावा किया था। इस झांसे में आकर 27 अक्टूबर 2024 को राहुल परिहार ने कंपनी की फ्रेंचाइजी ले ली।

इसके बाद कंपनी की ओर से फ्रेंचाइजी फीस, इंटीरियर, मार्केटिंग, दवाइयों के स्टॉक, डॉक्टर और पैथोलॉजी सुविधा के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब 25 लाख 93 हजार 400 रुपये वसूल लिए गए। राशि देने के बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने पीड़ित से संपर्क तोड़ लिया। जब राहुल परिहार ने कंपनी के मार्केटिंग हेड से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने टालमटोल करते हुए बहस की और बाद में उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।

इसके बाद पीड़ित ने कंपनी को किए गए ईमेल और आरटीजीएस से किए गए भुगतान के दस्तावेज सबूत के तौर पर मोहन नगर थाने में जमा कराए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए साइबर पुलिस को सौंप दिया गया है।

You May Also Like

More From Author