रायपुर: रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसदों और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे अधिकारियों के बीच बुधवार को रेलवे विकास के मुद्दों पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में रेलवे की मौजूदा समस्याओं, यात्री सुविधाओं में सुधार और भविष्य में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर चर्चा की गई।
सांसदों ने उठाए मुद्दे:
बैठक में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग सांसद विजय बघेल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग और राज्यसभा सांसद रंजीता रंजन ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के लिए विभिन्न मांगें रखीं। इनमें ट्रेनों के लगातार रद्द होने और लेट चलने की समस्या, रेलवे लाइनों के सुधार, नए रेलवे स्टेशनों के निर्माण और रेलवे सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे शामिल थे।
बस्तर और दुर्ग में रेल सुविधाओं पर जोर:
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने दुर्ग-जगदलपुर रेल सेवा को पुनः शुरू करने और धमतरी-जगदलपुर रेल लाइन में सुधार की मांग रखी। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने बस्तर और उत्तर वनांचल क्षेत्रों में रेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए सर्वे और प्रोजेक्ट्स सांसदों के साथ विचार-विमर्श कर ही तैयार किए जाने चाहिए।
कर्मचारियों की मांगों पर भी हुई चर्चा:
बैठक में रेलवे कर्मचारियों की मांगों पर भी चर्चा हुई। सांसदों ने कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने पर जोर दिया। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि कर्मचारियों का विश्वास सरकार पर है और उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को बढ़ावा देने का सुझाव:
कांग्रेस की राज्य सभा सांसद रंजीता रंजन ने रेलवे में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को स्थानीय स्वाद का अनुभव मिलेगा और हमारे स्थानीय खानपान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों का बयान:
रेलवे अधिकारियों की ओर से सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि संसद सदस्यों और जोन मंडल अधिकारियों के बीच यह 18वीं वार्षिक बैठक थी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जनता से जुड़े सुझावों और समस्याओं का समाधान निकालना है। रेलवे विकास के लिए आवश्यक प्रस्तावों को तैयार कर आगे भेजा जाएगा, ताकि भविष्य में रेल सुविधाओं में और सुधार किया जा सके।

