जगदलपुर। मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। 8 जनवरी से शुरू हुए “मनरेगा बचाव संग्राम” के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने जगदलपुर में प्रेसवार्ता कर केंद्र की मोदी सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाया।
दीपक बैज ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मनरेगा मजदूरों को औसतन केवल 38 दिन का रोजगार मिला है, ऐसे में 125 दिन रोजगार देने के दावे भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा का 40 प्रतिशत खर्च राज्यों पर डालकर केंद्र सरकार राज्यों को आर्थिक रूप से कमजोर कर रही है।
बैज ने मनरेगा को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि यह योजना मजदूरों, किसानों और गांवों के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने ऐलान किया कि 25 फरवरी तक पूरे छत्तीसगढ़ में चरणबद्ध आंदोलन कर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया जाएगा।

