बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से एक ग्रामीण किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल बालक को पहले 222 बटालियन सीआरपीएफ कैंप कोरचोली में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोरचोली नदीपारा निवासी 15 वर्षीय राम पोटाम, पिता स्वर्गीय लच्छु पोटाम, सुबह लेंड्रा–कोरचोली जंगल क्षेत्र की ओर गया था। इसी दौरान माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर IED में विस्फोट हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गौरतलब है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बल लगातार सर्चिंग अभियान चलाकर आईईडी को निष्क्रिय कर रहे हैं, ताकि ग्रामीणों और जवानों को नुकसान न पहुंचे। इसके बावजूद नक्सलियों द्वारा कई स्थानों पर लगाए गए आईईडी ग्रामीणों और सुरक्षाबलों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं।

