रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर हिट एंड रन की घटना सामने आई है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुए इस मामले में पुलिस ने भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के पुत्र लक्की सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार, रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे अग्रसेन धाम के पास तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कार में लक्की सिंह सहित दो युवक और दो युवतियां सवार थे और वाहन लक्की सिंह चला रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी लक्की सिंह को हिरासत में लिया, जबकि कार में सवार अन्य तीन लोग मौके से फरार हो गए।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

