Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

बिजली-बारिश की दस्तक! सरगुजा से बिलासपुर तक भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर भी भीगने को तैयार

CG Weather Update

CG Weather Update

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आगामी 5 दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आज रायपुर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं।

उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि सरगुजा, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर जैसे उत्तरवर्ती जिलों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। पिछले 24 घंटों में सरगुजा, दुर्ग और बिलासपुर संभागों के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।

तापमान का हाल

बीते दिन बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। वहीं राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सबसे कम रहा।

क्या है मौसम में बदलाव की वजह?

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव की वजह एक निम्न दबाव का क्षेत्र है, जो झारखंड और उसके आसपास स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जो धीरे-धीरे पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।

इसके अलावा मानसून द्रोणिका (ट्रफ लाइन) श्रीगंगानगर, रोहतक, कानपुर, वाराणसी, झारखंड के इस लो-प्रेशर क्षेत्र से होती हुई दीघा और दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। एक अन्य द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तरप्रदेश से झारखंड तक 1.5 से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक बनी हुई है, जिससे वर्षा की गतिविधियों को बल मिल रहा है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में भी आज बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तापमान की बात करें तो न्यूनतम 24 और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

Exit mobile version