Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

मुंगेली प्रशासन की अपील, पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर न दें ध्यान

मुंगेली। जिले में पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ी भीड़ के बीच जिला प्रशासन ने साफ किया है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के कारण लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे कई जगह भीड़ की स्थिति बन गई है।

कलेक्टर कुंदन कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा की। प्रशासन ने बताया कि जिले में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और सभी पेट्रोल पंपों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

पेट्रोल पंप संचालकों को उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से ईंधन उपलब्ध कराने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एम्बुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है और जरूरत अनुसार अधिकारियों व पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है।

Exit mobile version