मुंगेली। जिले में धान के अवैध ओवरलोडिंग और रिसाइक्लिंग की शिकायतों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के घोटाले का खुलासा किया है। आईसीसीसी मार्कफेड रायपुर से मिले अलर्ट के आधार पर जांच में सामने आया कि धान परिवहन में 200 से लेकर 1116 प्रतिशत तक ओवरलोडिंग की गई। कलेक्टर कुंदन कुमार और एसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 8.14 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति का मामला उजागर किया है।
जांच में राइस मिलरों, समिति प्रबंधकों और अन्य लोगों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज, बिना जीपीएस वाहनों से परिवहन और अधिक उठाव दर्शाकर शासन को नुकसान पहुंचाने के प्रमाण मिले हैं। करीब 11 लाख क्विंटल धान की खरीदी और परिवहन में गड़बड़ी पाई गई है। अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई आरोपी फरार हैं।
इसी क्रम में सरगांव-पेंड्री स्थित गणेश मिनरल्स राइस मिल के निरीक्षण में भारी अनियमितता सामने आई। ऑनलाइन रिकॉर्ड की तुलना में लगभग 17,775 क्विंटल धान कम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए राइस मिल को तत्काल सील कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी और पीडीएस में किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।