मुंगेली। पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में मुंगेली पुलिस ने नई पहल की है। बिलासपुर रेंज के IG रामगोपाल गर्ग ने जरहागांव और फास्टरपुर थाने में ‘ई-मालखाना मैनेजमेंट सिस्टम’ का शुभारंभ किया। बिलासपुर संभाग में पहली बार दो थानों में यह डिजिटल व्यवस्था शुरू की गई है।
इस सिस्टम के तहत थानों के मालखाने में रखी सभी केस प्रॉपर्टी और जब्त सामग्री का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। प्रत्येक सामान की पहचान और ट्रैकिंग के लिए यूनिक बारकोड का इस्तेमाल किया जाएगा। बारकोड स्कैन करते ही संबंधित केस प्रॉपर्टी की जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सकेगी।
सिस्टम में नगदी, वाहन, हथियार, NDPS और आबकारी एक्ट समेत विभिन्न मामलों में जब्त सामग्री का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इससे पुराने रिकॉर्ड तलाशने में आसानी होगी और मालखाना प्रबंधन अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनेगा।
IG रामगोपाल गर्ग ने इसे तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। यह पहल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।

