मुंगेली व्यापार मेला 2026: डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया ब्रॉशर का विमोचन, 27 नवंबर से सजेगा व्यापार और संस्कृति का महाकुंभ

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘मुंगेली व्यापार मेला-2026’ के ब्रॉशर का विमोचन किया। ‘मुंगेली का त्यौहार’ के नाम से प्रसिद्ध यह आयोजन इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। सात दिवसीय व्यापार मेले का आयोजन 27 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मेले में व्यापार, संस्कृति, स्थानीय प्रतिभाओं और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा।

डिप्टी सीएम अरुण साव को दिया आमंत्रण

स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली के प्रतिनिधिमंडल ने न्यू सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्हें मेले का आमंत्रण पत्र सौंपकर उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आग्रह किया गया। अरुण साव ने कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन देते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

देशभर के उत्पादों और स्थानीय उद्योगों के लगेंगे स्टॉल

मेले में हस्तशिल्प, टेराकोटा, खादी एवं ग्रामोद्योग, बस्तर आर्ट, महिला गृह उद्योग, हर्बल उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही लघु एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी मेले का हिस्सा होंगे।

यह आयोजन स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों, महिला स्व-सहायता समूहों और नए व्यवसायियों को अपने उत्पादों और प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा।

हर शाम होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

व्यापार मेले में प्रतिदिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, मनोरंजन के लिए झूले और छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला-संस्कृति की झलक मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजन बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए मनोरंजन का केंद्र बनने के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को मंच भी प्रदान करेगा।

ब्रॉशर विमोचन के अवसर पर आयोजन समिति के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर, सह-संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

You May Also Like

More From Author