चांपा नगरपालिका का स्काई लिफ्टर तीन महीने पहले ही फिटनेस और इंश्योरेंस खत्म होने के बावजूद उपयोग में था। दशहरा उत्सव के दौरान हुए हादसे ने प्रशासन की लापरवाही उजागर कर दी है।
चांपा के भालेराय मैदान में दशहरा उत्सव के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ स्काई लिफ्टर, नगरपालिका का वाहन था। इस वाहन के फिटनेस और इंश्योरेंस समाप्त हो चुके थे, जिससे यह घटना लापरवाही का प्रतीक बनकर सामने आई।
स्काई लिफ्टर का फिटनेस 13 जुलाई 2024 को खत्म हो चुका था, जबकि बीमा 30 मार्च 2023 को समाप्त हो गया था। इसके बावजूद, बिना इन आवश्यक दस्तावेजों के इस खतरनाक वाहन को एक बड़े सार्वजनिक आयोजन में इस्तेमाल किया गया, जिससे छह लोग घायल हो गए। इस तरह की लापरवाही किसी आम नागरिक की गाड़ी से होती तो पुलिस भारी जुर्माना और सख्त कार्रवाई करती, लेकिन अब सवाल यह है कि नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी?
जांच के दौरान सामने आई लापरवाही:
यह दुर्घटना और संबंधित छानबीन ने खुलासा किया कि स्काई लिफ्टर जैसे अन्य कई वाहन भी बिना फिटनेस और इंश्योरेंस के सड़कों पर चल रहे हैं, जो नागरिकों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। नगर पालिका के अधिकारी सवालों के जवाब देने में टालमटोल कर रहे हैं, जबकि जनता ने इस गंभीर मामले में तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मांग: सभी नगरपालिका वाहनों की जांच होनी चाहिए
इस घटना के बाद, नगर पालिका के अन्य वाहनों का फिटनेस और इंश्योरेंस की जांच करने की मांग जोर पकड़ रही है। यह स्पष्ट है कि अगर समय रहते इन वाहनों की जांच नहीं की गई, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।

