रायपुर। राजधानी के चंडी नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और कुछ ही देर बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में हुई दो मौतों से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और परिजनों से पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार, खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर निवासी राजन गुप्ता वेल्डिंग का काम करता था और काम न मिलने के कारण अक्सर मानसिक रूप से परेशान रहता था। उसकी पत्नी रेखा गुप्ता एक लैब में नौकरी करती थी। राजन अक्सर रेखा से पैसे लेकर शराब पीता था और घर आकर उससे विवाद व मारपीट करता था। यह झगड़े लंबे समय से जारी थे और परिजन भी स्थिति से अवगत थे।
सोमवार रात एक बार फिर विवाद बढ़ा और गुस्से में राजन ने रेखा का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने एक सुसाइड नोट लिखकर अपनी गलती स्वीकार की और कचना रेलवे फाटक पर जाकर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी रमाकांत साहू, थाना प्रभारी और खम्हारडीह थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कचना रेलवे फाटक पर मिले शव के पास से सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस सीधे आरोपी के घर पहुंची, जहां पत्नी का शव बरामद हुआ।
फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को बुलाकर विस्तृत जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और आगे की कार्रवाई जारी है।