अंबागढ़ चौकी: मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम नीचे कोहड़ा में पिछले एक महीने से एक के बाद एक 8 लोगों की रहस्यमयी मौतों का सिलसिला जारी है। इन मौतों का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने इन मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए गांव में बैठक की। अधिकांश मृतकों को नाक से खून निकलना, खून की उल्टी और बुखार जैसी समस्याएं हुई थीं। कुछ लोगों ने स्थानीय डॉक्टर से इलाज भी करवाया था, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और अंततः उनकी मौत हो गई।
मृतकों में कॉलेज की छात्राएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हैं। ग्रामीणों का मानना है कि इन मौतों के पीछे कोई दैवीय शक्ति या कोई जहरीला पदार्थ हो सकता है।
प्रशासन की जांच
जिले के कलेक्टर एस. जयवर्धन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने मंगलवार की रात एसपी समेत प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांव का दौरा किया और ग्रामीणों से बात की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।