रायपुर। वरिष्ठ आदिवासी नेता नंद कुमार साय के एक बयान ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी है। सर्व आदिवासी समाज की बैठक में उन्होंने आदिवासी परिवारों से कम से कम पांच बच्चे पैदा करने की अपील की, जिसे लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।
नंद कुमार साय ने कहा कि “हम दो, हमारे दो” के पालन से आदिवासी समाज की जनसंख्या घट रही है, जिससे सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक प्रभाव कमजोर पड़ सकता है। उन्होंने आगामी जनगणना को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह देते हुए लोगों से धर्म के कॉलम में “आदिवासी” दर्ज कराने की अपील की।
इस बयान पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे व्यक्तिगत राय बताते हुए कहा कि नंद कुमार साय एक वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने सोच-समझकर अपनी बात रखी होगी। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
बयान के बाद प्रदेश में जनसंख्या, सामाजिक जिम्मेदारी और आदिवासी पहचान को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

