CG News | बालोद। जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 के उद्घाटन अवसर पर रात्रिकालीन नाइट हाइक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस गतिविधि में देश के 8 राज्यों से आए 485 रोवर-रेंजर और सीनियर स्काउट-गाइड्स ने भाग लिया।
नाइट हाइक के दौरान प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग तय करते हुए टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया। इस दौरान कुकुर मंदिर का भ्रमण भी कराया गया, जिससे युवाओं को स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक वातावरण से रूबरू होने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश के प्रतिभागियों ने सहभागिता कर एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संदेश दिया। यह गतिविधि युवाओं में साहस, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।