रायपुर: छत्तीसगढ़ में आज से नौतपा का असर दिखने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 9 दिनों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हालांकि, आने वाले दो दिनों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। नौतपा के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है।
नौतपा 25 मई से 2 जून तक रहेगा। इस दौरान कुछ राहत यह है कि अगले दो दिनों में प्रदेश में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे गर्म दुर्ग जिला रहा। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट और बिलासपुर-सरगुजा संभाग के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना एक द्रोणिका मध्य प्रदेश होते हुए छत्तीसगढ़ तक बना हुआ है। इसके असर से प्रदेश में नमी आ रही है। नमी आने के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है।
इसी वजह से शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी रायपुर में हल्की बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ कुछ इलाकों में बौछारें पड़ सकती हैं।
राज्य में सबसे अधिक तापमान 43.02 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया है। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा।