नवरात्रि में खाद्य विभाग की कार्रवाई, फफूंद लगी 10 किलो बड़ी नष्ट, 45.5 किलो खाद्य सामग्री जब्त

रायपुर में नवरात्रि पर्व के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खराब खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया और विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

फफूंद लगी बड़ी कराई गई नष्ट

निरीक्षण के दौरान मोतीबाग चौक स्थित घनश्याम प्रोविजन स्टोर में फफूंद लगी और एक्सपायरी हो चुकी 7 किलो राखिया बड़ी तथा 3 किलो मूंग बड़ी मिली। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इसे नष्ट कराया गया। इसके अलावा 18 किलो मैदा और 27.5 किलो सूजी जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखी गई।

तीन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

खाद्य विभाग की टीम ने डूमरतराई स्थित शुभम के मार्ट से बेसन और आटे के नमूने लिए। घनश्याम प्रोविजन स्टोर से सूजी और मैदे के नमूने लिए गए। वहीं, टाटीबंध स्थित विशाल मेगा मार्ट से सूजी और साबूदाना के नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

दुकानदारों को दिए निर्देश

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को गुणवत्तायुक्त सामग्री बेचने और खराब, फफूंदयुक्त या एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और पैकेट की स्थिति जरूर जांचें।

You May Also Like

More From Author