बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि को लेकर रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

हर साल की पार्किंग समस्या को देखते हुए इस बार करीब 20 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिसमें समतलीकरण और लाइटिंग की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। साथ ही प्रवेश और निकासी मार्ग अलग-अलग किए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण बेहतर हो सके।
नवरात्रि के दौरान मंदिर में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, बिजली और फायर ब्रिगेड की तैनाती रहेगी। सुरक्षा के लिए पुलिस और कार्यपालन दंडाधिकारी भी लगातार मौजूद रहेंगे। गर्मी को ध्यान में रखते हुए पंखे और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंदिर ट्रस्ट की ओर से भंडारे के लिए गैस सिलेंडर की समस्या उठाए जाने पर प्रशासन ने 30 सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। वहीं सप्तमी पर रातभर दर्शन के लिए मंदिर खुला रहेगा और पैदल श्रद्धालुओं की वापसी के लिए 20 बसों की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और हेलीपेड क्षेत्र में बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नवरात्रि के दौरान साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी गई है।