नवरात्रि पर श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की खास तैयारी, डोंगरगढ़ में 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव

चैत्र नवरात्रि के अवसर पर डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इस दौरान डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर 10 लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। इनमें बिलासपुर–भगत की कोठी, भगत की कोठी–बिलासपुर, बिलासपुर–बीकानेर, बीकानेर–बिलासपुर, बिलासपुर–चेन्नई, चेन्नई–बिलासपुर, बिलासपुर–पुणे, पुणे–बिलासपुर, रायपुर–सिकंदराबाद और सिकंदराबाद–रायपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए रायपुर से डोंगरगढ़ के बीच MEMU स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। साथ ही कोरबा–इटवारी (नागपुर) के बीच विशेष MEMU ट्रेन (06883/06884) भी संचालित होगी, जो डोंगरगढ़ स्टेशन पर सुबह और दोपहर में रुकेगी। कुछ MEMU ट्रेनों के रूट का विस्तार भी किया गया है, वहीं डोंगरगढ़–दुर्ग के बीच अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं, प्राथमिक उपचार केंद्र, एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात की जाएगी। इसके साथ ही मंदिर प्रशासन और रेलवे द्वारा पैदल यात्रियों के लिए भंडारा, पेयजल और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी यात्रा सुरक्षित व सुगम बनी रहे।

You May Also Like

More From Author