दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 9 नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने SLR, .303 राइफल, 315 बोर राइफल सहित भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की है। सभी जवान सुरक्षित हैं।
लोहागांव पीडिया जंगल में हुई मुठभेड़
यह मुठभेड़ लोहागांव पीडिया जंगल में हुई। मिली जानकारी के अनुसार, डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी गश्त पर थी। दंतेवाड़ा और बीजापुर सीमावर्ती क्षेत्र में पश्चिम बस्तर डिवीजन के माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने के बाद यह संयुक्त अभियान चलाया गया था। आज सुबह 10:30 बजे से दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई जो काफी देर तक चली। इस मुठभेड़ में वर्दीधारी और हथियारबंद 9 नक्सली मारे गए।
केंद्रीय गृह मंत्री की चेतावनी का असर
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर आए थे। उन्होंने 7 राज्यों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी और नक्सलवाद के खात्मे के लिए रणनीति बनाई थी। उन्होंने नक्सलियों को चेतावनी दी थी कि वे अपना रास्ता बदल दें नहीं तो अंतिम प्रहार होगा। माना जा रहा है कि इस चेतावनी का असर देखने को मिल रहा है और नक्सली अब बौखलाए हुए हैं। कई नक्सली लाल आतंक को छोड़ने के लिए मजबूर हो रहे हैं।