छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में आरोपी अनवर ढेबर और उनके पुत्र शोएब ढेबर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। रायपुर के दो थानों में उनके खिलाफ नए मामले दर्ज किए गए हैं।
पुरानी बस्ती थाना में दर्ज मामले में अनवर ढेबर, उनके साथी और एक अज्ञात वकील पर चोरी और गैरकानूनी तरीके से कब्जा करने का आरोप है।
शिकायतकर्ता इमरान, जो अनवर ढेबर के व्यवसाय में मैनेजर थे, का आरोप है कि आरोपियों ने उनके फ्लैट में घुसकर 20 हजार रुपये नगद, महत्वपूर्ण दस्तावेज और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
सिविल लाइन थाना में दर्ज मामले में अनवर ढेबर, शोएब ढेबर और एक अज्ञात वकील पर सरकारी गवाह को धमकाने और मारपीट करने का आरोप है।
सूत्रों के अनुसार, शोएब और वकील ने शराब घोटाला मामले में ईओडब्ल्यू के सरकारी गवाह को जान से मारने की धमकी दी और लाखों रुपये की अवैध वसूली की।
इसके अलावा, शोएब पर एक अन्य शिकायत भी दर्ज की गई है, जिसमें उन पर एक महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप है।
सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि सभी शिकायतों की जांच के बाद मामले दर्ज किए गए हैं। अन्य थानों में भी इनके खिलाफ कई अपराध दर्ज हैं।
अनवर ढेबर फिलहाल जेल में बंद हैं, जबकि शोएब ढेबर को ईओडब्ल्यू ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

