रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों ने आज आधिकारिक रूप से पदभार संभाल लिया। राजधानी के गांधी मैदान स्थित जिला कांग्रेस भवन में रायपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के नए अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई। समारोह में विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों सहित प्रदेश नेतृत्व भी बड़ी संख्या में मौजूद रहा। इसी के साथ कांग्रेस ने पूर्व जिला अध्यक्षों को पद से मुक्त कर दिया है।
टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान – “कांग्रेस का मूल स्वरूप बदलने की कोशिश”कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने जिला अध्यक्षों की नई नियुक्ति पर महत्वपूर्ण टिप्पणी की। उन्होंने कहा—“यह नियुक्तियां कांग्रेस के मूल ढांचे में बदलाव लाएंगी। लक्ष्य है कि पार्टी को कैडर बेस्ड संगठन के रूप में खड़ा किया जाए। अब तक लोग व्यक्ति-विशेष से ज्यादा जुड़े थे, पार्टी से नहीं। अब संगठन आगे रहेगा और व्यक्ति पीछे। पूरा परिवर्तन लाने में समय लगेगा, लेकिन देरी करने से और पीछे रह जाते।”
पदभार ग्रहण कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पीसीसी चीफ दीपक बैज और प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बाबरी मस्जिद की नींव पर भी बोले सिंहदेव
पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की नींव रखे जाने को लेकर भी सिंहदेव ने बयान दिया। उन्होंने कहा—“किसी से कुछ लेकर, वह भी कानून के अनुरूप न होते हुए, सुप्रीम कोर्ट की विशेष धाराओं के तहत लिया गया—इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसका मतलब यह नहीं कि वे नागरिक नहीं रहे। हर नागरिक को अपने तरीके से पूजा-अर्चना करने का अधिकार है।”

