रायपुर। राजधानी रायपुर के कुशालपुर क्षेत्र में एक नवविवाहित महिला ने अपने पति, ससुराल वालों और ननद पर दहेज उत्पीड़न और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे टोनही कहकर प्रताड़ित किया गया और 20 लाख रुपये की मांग की गई।
20 लाख की मांग, बच्ची समेत घर से निकाला
पीड़िता ने रायपुर महिला थाना में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि उसकी शादी 28 नवंबर 2022 को हिमालय उर्फ नीरज भोई से हुई थी। कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर ताने मारने शुरू कर दिए और उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
आरोप है कि ससुराल वाले ब्याज के धंधे के लिए 20 लाख रुपये मांग रहे थे। जब महिला ने इनकार किया तो उसे दूधमुंही बच्ची सहित घर से निकाल दिया गया। गर्भावस्था के दौरान भी उसे ठीक से खाना नहीं दिया जाता था और बच्ची के जन्म के बाद भी कोई सहयोग नहीं किया गया।
टोनही कहकर प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके सास-ससुर और ननद उसे टोनही कहकर प्रताड़ित करते थे और आरोप लगाते थे कि उसके आने के बाद परिवार की किस्मत खराब हो गई। पति भी मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न में शामिल हो गया।
18 मार्च 2024 को पति और ससुर ने उसे घर के दरवाजे पर बुलाकर 20 लाख रुपये लाने को कहा। जब उसने मना कर दिया, तो सास ने बाल पकड़कर खींचा, गला दबाने की कोशिश की और पति व ससुर ने भी मारपीट की। किसी तरह महिला ने अपने भाई को फोन कर पुलिस बुलवाई, जिसके बाद मामला शांत हुआ और शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की जांच जारी
महिला ने पति हिमालय उर्फ नीरज भोई, ससुर सत्यनारायण भोई, सास सरस्वती भोई और ननद देवीशा भोई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उसका आरोप है कि पति ने धमकी दी है कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की, तो जेल से लौटने के बाद उसे जान से मार देगा।





