रायपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लाइव मॉक-ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक-ड्रिल के दौरान यात्रियों, वाहन चालकों और NHAI के फील्ड स्टाफ को विभिन्न आपात स्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने सड़क दुर्घटना और मेडिकल इमरजेंसी के समय तत्काल सहायता के तरीकों का प्रदर्शन किया। हार्ट अटैक की स्थिति में सीपीआर देने की सही तकनीक का लाइव डेमो भी दिया गया, साथ ही बेहोशी, अत्यधिक रक्तस्राव और सांस लेने में परेशानी जैसी स्थितियों में प्राथमिक उपचार की जानकारी साझा की गई।
इसके अलावा वाहन में तकनीकी खराबी और सड़क दुर्घटना के बाद अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और आवश्यक सावधानियों पर भी विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत NHAI द्वारा कोहरे और रात के समय दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जा रहे हैं तथा हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा के पालन की अपील की जा रही है।