Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

नौ गौ-तस्कर गिरफ्तार, जब्त किए दस मवेशी और चार वाहन

खैरागढ़। खैरागढ़ पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ अन्तरराज्यीय पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दस मवेशी, चार पिकअप वाहन और आठ मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त माल की कीमत लगभग 13 लाख 34 हजार रुपए बताई जा रही है

मामला सोमवार की देर रात का है, जब पुलिस को सूचना मिली कि कुछ तस्कर छत्तीसगढ़ से मवेशियों को भरकर मध्यप्रदेश के कत्लखानों की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना खैरागढ़ की टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बालाघाट रोड पर नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ ही समय में चार संदिग्ध पिकअप वाहन पकड़ में आ गए।

जांच के दौरान वाहनों में भैंसों को रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा पाया गया। जब चालकों से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, तो कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद सभी नौ आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में हेमराज (42), नरेंद्र (26), नोहर (45), संतोष (35) और कृष्णकुमार (26) मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के निवासी हैं। जबकि लकेश (23), छबि (27), सातेश (30) और सागर (21) छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पकड़े गए वाहनों को राजसात कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है और तस्करों के नेटवर्क व अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

Exit mobile version