छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गुरुवार से नशे के खिलाफ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल शुरू हो गई है। इस अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को पूरी तरह से निषेध कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया है कि पहले सप्ताह तक सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करते पाए जाने वालों और नाबालिगों को सिगरेट बेचने वालों को केवल समझाया जाएगा। लेकिन इसके बाद अगर कोई फिर भी यह गलती करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के तहत उनसे धूम्रपान से संबंधित सामग्री जप्त कर उन पर चालान भी किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि नशे को दंडनीय अपराध की श्रेणी में रखा गया है और इस लिए अब इसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के अ तहत सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों के विज्ञापनों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही किसी भी शैक्षणिक संस्था के परिसर के अंदर सिगरेट या अन्य तंबाकू उत्पाद बेचने पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं।

