दुर्ग। ऑनलाइन सट्टेबाजी और संदिग्ध बैंक लेन-देन के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के ठाणे से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किराए के फ्लैट में बैठकर दो ऑनलाइन सट्टा पैनल चला रहे थे। जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े सुराग भी मिले हैं।
31 मोबाइल और 4 लैपटॉप जब्त
वैशाली नगर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान 31 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 12 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि सट्टा पैनलों का संचालन अलग-अलग शिफ्ट में किया जाता था और लेन-देन का हिसाब डिजिटल माध्यम से रखा जाता था।
म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल की जांच
पुलिस को आशंका है कि सट्टे से जुड़े पैसों के लेन-देन में म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। ऐसे खातों के जरिए संदिग्ध रकम का ट्रांजैक्शन किए जाने की जांच की जा रही है। जब्त मोबाइल और लैपटॉप की डिजिटल फॉरेंसिक जांच से नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
लोगों से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कमीशन या लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड या यूपीआई की जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

