कलेक्टर जनदर्शन का ऑनलाइन प्रसारण शुरू, 93 मिले आवेदन

कलेक्टर विलास भोसकर के मार्गदर्शन में सरगुजा में पारदर्शी प्रशासन की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। कलेक्टर की पहल पर अब कोर्ट के बाद कलेक्टर जनदर्शन का भी ऑनलाइन यूट्यूब प्रसारण शुरू किया गया है। इसके साथ ही, कलेक्टर ने कांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए लखनपुर ब्लॉक में तीन महीने के अंदर 6 सूचकों पर शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया है।

मंगलवार से ही जिला प्रशासन सरगुजा के यूट्यूब चैनल पर ऑनलाइन जनदर्शन प्रसारण की शुरुआत कर दी गई है। समय सीमा की बैठक के बाद जनदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों की समस्याओं का निराकरण किया गया।

कलेक्टर जनदर्शन में आज 93 आवेदन मिले। इनमें ग्राम पंचायत बड़ादमाली के ग्रामीणों ने आवागमन के लिए सड़क की मांग की। इस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और आवागमन मार्ग के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी तरह बतौली से आई एक आवेदिका की शिक्षा विभाग में अनुकम्पा नियुक्ति के आवेदन पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को नियमानुसार अनुकम्पा नियुक्ति देने के निर्देश दिए। जनदर्शन में भूमि संबंधी मामले, सड़क, परिजनों द्वारा भरण पोषण दिए जाने संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।

समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने कांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी तीन महीने में लखनपुर ब्लॉक में 6 सूचकों पर शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को जोड़कर लाभान्वित करना है। इन सूचकों में गर्भवती माताओं का पंजीयन एवं प्रसव पूर्व देखभाल, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जांच, गर्भवती माताओं को पूरक पोषण, मृदा जांच और मृदा हेल्थ कार्ड वितरण तथा स्व सहायता समूह की गतिविधियां और रिवॉल्विंग फंड शामिल हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को गंभीरता से इन सूचकों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बैठक में जनसमस्या निवारण शिविर के लखनपुर के ग्राम पंचायत कुन्नी में आगामी आयोजन पर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर की जानकारी देने के लिए गांव-गांव में मुनादी कराई जाए, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिविर से पूर्व ही आसपास के आवेदन प्राप्त कर लें और यथा संभव निराकृत कर एक-एक आवेदन के निराकरण की जानकारी शिविर में सबके समक्ष दी जाएगी। उन्होंने पीएम जनमन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की।

You May Also Like

More From Author