रायपुर। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम रेंगालपाली में एक करोड़ 21 लाख 16 हजार रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की स्मार्ट कक्षाओं और प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी की सराहना की।
नव निर्मित विद्यालय भवन को आधुनिक शैक्षणिक मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। भवन में 9 सुसज्जित कक्षाएँ, स्मार्ट क्लास, दो आधुनिक प्रयोगशालाएँ, समृद्ध पुस्तकालय, प्राचार्य एवं स्टाफ कक्ष, साथ ही बालक-बालिका के लिए अलग-अलग प्रसाधन कक्ष जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। यह विद्यालय भवन 300 से अधिक विद्यार्थियों को सुरक्षित, प्रेरणादायक और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा।
उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विकसित भारत की मजबूत नींव –
वित्त मंत्रीवित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उन्नत समाज और विकसित भारत की आधारशिला है। सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक बच्चे को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर शिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिला शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है।
उन्होंने विद्यालय विकास में एचडीएफसी बैंक के सीएसआर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए बताया कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में इतने शैक्षणिक और विकास कार्य हुए हैं, जितने कई वर्षों में एक साथ नहीं हो पाए थे। वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया तथा उन्हें कैरियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप ने भवन निर्माण की लागत, संरचना और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष पुसौर हेमलता चौहान, हेमालिनी गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष मानी सतपथी, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

