रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक आपराधिक मामला है, जिसकी जांच के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और सख्त जांच की जा रही है तथा जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
ओपी चौधरी ने कहा कि इस घटना के बहाने श्रीराम भक्तों की आस्था पर सवाल उठाना गलत है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे दुष्प्रचार करने वालों को अच्छी तरह पहचानती है और उनके बहकावे में नहीं आएगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि रामलला के प्रति लोगों की आस्था अटूट है और किसी आपराधिक घटना से उस पर कोई असर नहीं पड़ सकता। उन्होंने श्रीराम मंदिर को भारत की सांस्कृतिक विरासत और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक बताते हुए कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।


